अयोध्या : पुराकलंदर थाना क्षेत्र में दुकान बंद कर घर लौट रहे दो सगे भाइयों पर पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना 27 दिसंबर 2025 की रात करीब 10:40 बजे की बताई जा रही है। हमले के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित अजय कुमार वर्मा पुत्र अनंतराम वर्मा, निवासी बरवा बसाईपुर, पुराकलंदर, अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। रास्ते में आरोपियों ने उन्हें रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी हमलावरों ने लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से सिर, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे दोनों भाई जमीन पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पीड़ित की तहरीर पर पुराकलंदर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 191 (2), 115(2), 352, 351(3), 126(2) एवं 109 के तहत 7 नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, एफआईआर दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है। जांच का जिम्मा उपनिरीक्षक आकाश कुमार यादव को सौंपा गया है।
एक टिप्पणी भेजें
0टिप्पणियाँ

