करोड़ों के जमीन फर्जीवाड़े का बड़ा खुलासा, सुजीत श्रीवास्तव पर मास्टरमाइंड होने का आरोप

Thejournalist
0

अयोध्या : थाना कैंट क्षेत्र में सामने आए करोड़ों रुपये के भूमि फर्जीवाड़े के मामले ने अब गंभीर और सनसनीखेज मोड़ ले लिया है। पीड़ित रिटायर्ड रेलकर्मी अंगनू पुत्र बरसाती ने इस पूरे खेल का मास्टरमाइंड सुजीत श्रीवास्तव उर्फ ‘गप्पू’ को बताते हुए उस पर संगठित गिरोह बनाकर जमीन हड़पने की साजिश रचने का आरोप लगाया है। पीड़ित का दावा है कि इस कथित षड्यंत्र में सुजीत श्रीवास्तव की पत्नी रचना श्रीवास्तव भी शामिल हैं, जिनके नाम पर विवादित भूमि का क्रय-विक्रय कराया गया। आरोप है कि यह पूरा खेल एक संगठित भू-माफिया नेटवर्क के तहत “श्रीवास्तव गैंग” द्वारा अंजाम दिया गया। पीड़ित के अनुसार पहले उसके नाम का नकली व्यक्ति खड़ा कर खतौनी में फर्जी प्रविष्टियां कराई गईं। इसके बाद उसी फर्जी आधार पर वरासत दर्ज कराई गई और कूटरचित विक्रय विलेख तैयार कर जमीन कई लोगों को बेच दी गई, ताकि फर्जीवाड़े का खुलासा होने से पहले जमीन पूरी तरह हाथ से निकल जाए। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि जब उसने इस पूरे फर्जीवाड़े का विरोध किया और अपनी जमीन देखने मौके पर पहुंचा, तो कथित गैंग से जुड़े लोगों ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।


आरोप है कि साफ तौर पर कहा गया “अगर मुकदमा लिखा तो जान से खत्म कर दिया जाएगा।” पीड़ित का कहना है कि यह कोई सामान्य राजस्व विवाद नहीं, बल्कि सुनियोजित आपराधिक साजिश और संगठित भू-माफिया द्वारा रचा गया फ्रॉड है, जिसमें फर्जी विक्रेता, खरीदार और कुछ राजस्व कर्मियों की मिलीभगत भी शामिल है। पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, अयोध्या से मांग की है कि सुजीत श्रीवास्तव, उनकी पत्नी, कथित श्रीवास्तव गैंग, फर्जी विक्रेताओं, खरीदारों और इसमें शामिल राजस्व कर्मियों के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना, आपराधिक षड्यंत्र और जान से मारने की धमकी जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए। फिलहाल पुलिस स्तर पर मामला विचाराधीन बताया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)